ग़ज़ल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ग़ज़ल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

नवंबर 14, 2026

गज़ल - सलीब । Hindi Ghazal - Saleeb | Zindagi Shayari | Life Shayari



तेरे देखते-देखते दुनिया कहाँ से कहाँ निकल गई 
एक तू है जो अभी तक ख्यालों में कहीं खो रहा है,  

देखना इन्हीं से होंगे एक रोज़ खुद तेरे पाँव घायल
आज जिन काँटों को तू दूसरों के लिए बो रहा है,

शायद यही है जिंदगी की हकीक़त ए ! मेरे खुदा
मौजों में है सफीना और माँझी गाफ़िल सो रहा है,

बख्श देगा शायद क़यामत के रोज़ ख़ुदा उसको 
करके तौबा अब अमाल से गुनाहों को धो रहा है, 

यहाँ कौन है जो किसी के बोझ को उठा ले 'इमरान'
हर शख्स अपना सलीब अपनी पीठ पर खुद ढो रहा है, 

© इमरान अंसारी 
--------------------

ये रचना विडियो के रूप में देखें - 



नवंबर 06, 2026

ग़ज़ल - आवाजें । Hindi Ghazal - Aawazen | Life Poetry | Zindagi Shayari | Life Lessons



जिंदा रहना है यहाँ अगर 
तो चुप ही रहना सीखो,

कोई नहीं सुनता है   गरीबों की सदा यहाँ 
यहाँ सुनी जाती है सिर्फ   सिक्को की आवाजें,  

रह जाती हैं अपनी जगह   खड़ी हुई ईमानदारी 
आगे बढ़ जाती हैं यहाँ   खुशामद से भरी आवाजें, 

नाले में मिलती लाशें,   गले के साथ ही साथ 
काट दी जाती हैं यहाँ   बगावत से भरी आवाजें,

गला फाड़-फाड़ कर   चिल्लाता है यहाँ झूठ 
और दबा दी जाती हैं   सच से भरी आवाजें, 

कानून हो मुल्क का या   फिर भरी हुई अदालत 
फरियादों को रौंद देती हैं   यहाँ रौब से भरी आवाजें,

जिंदा रहना है यहाँ अगर   
तो चुप ही रहना सीखो

©  इमरान अंसारी
-------------

ये रचना विडियो के रूप में देखें-  



अक्टूबर 25, 2026

ग़ज़ल - शोर | Ghazal - Shor | Hindi Shayari | Poetry #ghazal


Ghazal Shor by jazbaattheemotionsblogspot.com

कभी खीझकर बाहर के शोर से कान बंद कर लेता हूँ
तो अपने ही भीतर का शोर मुझे पागल बनाने लगता है,

इस दौर में वही कामयाबी की मंजिल तक पहुँचता है 
जो हर कदम पर अपनी आत्मा को दबाने लगता है, 

अब उस बुज़ुर्ग से हर कोई बच के गुज़रता है, क्योंकि 
कहते है जिसे पाता है किस्से पुराने सुनाने लगता है,

पाक़ क़िताब में वादा है उसका, वो ज़रूर सुनता है सदा 
मगर जब कोई सच्चे दिल से उसे बुलाने लगता है 

नहीं मिलता है दोनों जहाँ में उसका हासिल 'इमरान'
करके अहसान किसी पर जो उसको जताने लगता है,
© इमरान अंसारी
-------------------

ये रचना विडियो के रूप में देखें





अक्टूबर 14, 2026

ग़ज़ल - पत्थर का शहर । Ghazal- Patthar ka Shahar | Hindi Ghazal | Hindi Shayari | Zindagi Shayari

 

Ghazal- Patthar ka Shahar by Imran ansari

नदी के किनारे खड़ा मगर है

मर रहा प्यास से वो शजर है,

 

राह तो मंज़िल को सीधी जाती है

उलझनों में अपनी फंसा बशर है,

 

इतरा के ज़मीं पे चलते जो कभी

देख! उनका हुआ क्या हशर है,

 

एक नहीं चलती है इंसान की

होता जब भी नाज़िल कहर है,

 

बोझ है सीने में गुनाहों का

झुकी इसलिए ही नज़र है,

 

मिलता है तुझे वो गले तपाक से

संभल के, भरा सीने में ज़हर है,

 

काँच के एहसास तेरे ‘इमरान’

याद रहे! ये पत्थर का शहर है,


******************


मेरी आवाज़ मे ये रचना ऑडियो के रूप में सुनें -



ये पोस्ट यूट्यूब पर विडियो के रूप में देखें-





सितंबर 22, 2026

हिंदी ग़ज़ल - आ ! नंगे पैर रेत पर चलें । ज़िंदगी पर शायरी



आ ! नंगे पैर रेत पर चलें

खुशबू से हवाओं में घुलें,

 

बाँसुरी की तान पर झूमें

आहिस्ता से फूलों को चूमें,

 

दरिया में पैरों को झुलायें

बादलों में तस्वीरें बनाएं,

 

आँगन में पौधे उगाएँ,

मिट्टी के घरौंदे बनाएँ

 

पेड़ की डालों पर लटकें

धूप में तितलियाँ पकड़ें,

 

भुला दें सारे शिकवे-गिले

दोस्त बनें, चल गले मिलें,

 

आँखों में कुछ ख्वाब बुनें

चल फिर से इंसान बनें,

 

आ ! नंगे पैर रेत पर चलें

खुशबू से हवाओं में घुलें,


©इमरान अंसारी

--------------------

मेरी आवाज़ में ये ग़ज़ल सुनें पॉडकास्ट में  

ये पोस्ट यूट्यूब पर विडियो के रूप में देखें-





अगस्त 12, 2026

सच्चा दोस्त

दोस्तों आप सभी को सलाम अर्ज़ करता हूँ। आज लगभग 10 सालों के बाद इस ब्लॉग पर पोस्ट कर रहा हूँ। कुछ तो ज़िन्दगी की मसरूफियात रही हैं कुछ वक्त की किल्लत। एक लम्बे अरसे के बाद ब्लॉग को खोलकर देखा तो यकीन जानिए कि इतनी खुशी हुई कि ये अभी भी लाइव है और लोग जुड़े हैं। ये ब्लॉग हमेशा से मेरे दिल के करीब और खास रहा है। 

आप सभी दोस्तों के नाम आज ये कविता पेश है। कविता का शीर्षक है 'सच्चा दोस्त'। हमेशा की तरह आपकी अमूल्य टिप्पणियों और सुझावों का इंतज़ार रहेगा। पूरी कोशिश रहेगी कि ये सिलसिला आगे भी यूँ ही चलता रहे।

अच्छा जिसका नसीब होता है, दोस्त उसके करीब होता है,

जो साथ हँसता और रोता है, सच्चा दोस्त वही होता है, 

राह में पड़ते हो काँटे अगर, हटा के उन्हें फूल वो बोता है

दिल गर कभी उदास हो तो, साथ अपना भी चैन खोता है,


होती हैं जब आँखें गम से नम, दोस्त भी पलकें भिगोता है,

जब दुनिया पराई सी लगती है, बनके साया साथ होता है , 

बचपन की शरारते हों या जवानी की समझाइशें

हर घड़ी साथ रहता है और सबको ही ढोता है

 

कमियाँ हमारी वो सामने हमारे ही बतलाता है

राह गलत अगर लगे तो सही राह दिखाता है 

कभी रूठ जाए अगर कहीं, तो झट मान भी जाता है

कोई जो पूछे तो कह दूँ, दोस्त ऐसा ही होता है 

© इमरान अंसारी 


मई 09, 2015

हालात



लगता है सुलझाने में ही बीतेगी तमाम उम्र 
उलझी है जिंदगी किसी सवालात की तरह,

ज़ाहिर करता है ऐसे पहचानता नहीं मुझे 
मिलता है हर बार पहली मुलाक़ात की तरह,

बदले-बदले से उसके तेवर नज़र आते हैं,
वो भी बदल रहा है जैसे हालात की तरह,

कर सके तो कर वफ़ा मेरी वफ़ा की बदले 
नहीं चाहिए मुहब्बत मुझे खैरात की तरह

क्यूँ दौर-ए-गर्दिश से घबरा न जाये दिल 
गम बढ़े आते है किसी बारात की तरह,

© इमरान अंसारी


जून 17, 2014

पहला पैगाम



महबूब के नाम मैं 
पहला पैगाम लिखूँ, 

चूड़ियाँ वो खनकती 
पायल वो झनकती 
साँसे वो महकती 
या तेरी होठो के वो 
छलकते जाम लिखूँ, 

महबूब के नाम मैं 
पहला पैगाम लिखूँ, 

आँखों पर कहूँ ग़ज़ल 
चेहरे पर बुनूँ नज़्म
या हथेली पर सिर्फ 
एक तेरा नाम लिखूँ, 

महबूब के नाम मैं 
पहला पैगाम लिखूँ, 

हाथों में लिए हाथ 
देर तक होती बात 
कितना हंसी वो साथ 
वो गुजरी शाम लिखूँ, 

महबूब के नाम मैं 
पहला पैगाम लिखूँ, 

दिल के अरमान
इश्क़ के फरमान
नज़र वो मेहरबान 
कैसे सरेआम लिखूँ, 

महबूब के नाम मैं 
पहला पैगाम लिखूँ,

© इमरान अंसारी


फ़रवरी 01, 2014

चल यार मनाएंगे


मिसरा एक सूफी कव्वाली का  'चल यार मनाएं' सुना था कहीं । उसके गिर्द एक सूफियाना क़लाम बुना है, इसमें सिर्फ इस एक मिसरे के सिवा बाकि सब इस 'इमरान' ने ही कहा है | यहाँ 'यार' 'गुरु' को कहा गया है, इसे ख्याल में रखें और सब कुछ भूल कर कुछ देर को डूब जाएँ इस समंदर में |
--------------------------------------------------------------------


चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

जिसके रंग में रंगे हम जोगी 
साथ उसके ही रास रचाएंगे, 

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

नज़रों ने किया घायल जिसकी  
उसको ही हम दिलदार बनाएंगे, 

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

आई है जिससे ज़िंदगी में बहार
    वफ़ा का उसको हार पहनाएंगे,  

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

छुपाने से कहीं खो न जाएँ ख़ज़ाने 
पाई दौलत दोनों हाथों से लुटाएंगे, 

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

जहाँ खोजी ख़ुशी वहाँ मिले गम 
 अब न यूँ बाकि उमर गवाएंगे, 

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

ख़ाली झोली कुछ नहीं अपने पल्ले 
रोज़ फ़क़ीर मगर त्योहार मनाएंगे, 

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

खुद भी जिसमें होश बाकि  न रहे 
करके ऐसा रक़्स उसको रिझाएंगे, 

चल री सखी ! चल यार मनाएंगे

दिसंबर 17, 2013

दीवानी



छलक न पड़े इनमें से दर्द कहीं इसलिए
आँखों को काजल से सजाकर रखती थी,

मिलते ही चला न जाये दिल का करार 
इसलिए नज़रों को झुकाकर रखती थी, 

पहचान न ले कहीं चेहरे से ये ज़माने वाले  
प्यार को मेरे सीने में दबाकर रखती थी,

नहीं कर पाई होठों से इक़रार इश्क़ का मगर 
तस्वीर मेरी किताबों में छुपाकर रखती थी,

अजीब दीवानी सी लड़की थी वो 'इमरान'
इंतज़ार में तेरे पलकें बिछाकर रखती थी,


अक्टूबर 21, 2013

वक़्त



उम्र गुज़रती रही ज़िन्दगी कटती रही 
हर मोड़ पर यहाँ कहानी बदलती रही, 
एक ख़ुशी की खातिर मैं तड़पता रहा 
और वक़्त जैसे पँख लगाकर उड़ता रहा,

बचपन की शरारतें बस्तों में सिमट गईं
दोस्तों की वो टोलियाँ सब उचट गईं,
मैं अकेला और अकेला सिमटता रहा    
और वक़्त जैसे पँख लगाकर उड़ता रहा,

जवानी की मदभरी नज़र ने प्यार सिखाया 
एक नाज़नीन ने मुझको भी दिल से लगाया, 
घनी जुल्फों का साया मुझ पर पड़ता रहा 
और वक़्त जैसे पँख लगाकर उड़ता रहा,

मिला प्यार में जुदाई और बेवफाई का सिला   
सब लिया अपने हिस्से नहीं किया कोई गिला, 
एक काँटा सा मगर सदा सीने में गड़ता रहा 
और वक़्त जैसे पँख लगाकर उड़ता रहा,

न जाने कितने लोग आए और चले गए 
हम तो कितनी  बार कैसे-कैसे छले गए 
किताबों की तरह मैं चेहरों को पढ़ता रहा 
और वक़्त जैसे पँख लगाकर उड़ता रहा,

© इमरान अंसारी

अक्टूबर 08, 2013

दीया



आस का एक दीया
जलता है मुझमें 
विश्वास का एक दीया
जलता है मुझमें,

बारिशो ने जोर लगाया 
आधियों ने फूँक मारी 
पर इस दिए की लौ 
किसी से भी न हारी, 

लाख कोशिशें की मिलकर 
बेदर्द ज़माने वालों ने 
हर तरकीब अपनाई 
मुझको बुझाने वालों ने,

इस दीये की लौ नहीं काँपती
क्योंकि ये तुझसे लगाई है 
जब-जब भी हवा चली है 
ये और मुस्कुराई है,

आस का एक दीया
जलता है मुझमें 
विश्वास का एक दीया
जलता है मुझमें,

सितंबर 23, 2013

आँखें

एक ऐसे शख्स के लिए जिसकी आँखे कुछ कहने के लिए बेक़रार कर जाती है। ……मेरी तरफ से ये प्यार भरा तोहफा खूबसूरत आँखों की उस मल्लिका  के लिए -


लूट के ले जाती हैं दिल का चैन-ओ- करार 
जब भी शरमा के झुकती हैं तेरी आँखें,

दोनों के दिल में अरमानों का सैलाब उठता है 
जब भी मेरी आँखों से मिलती हैं तेरी आँखें,

अपने वजूद में तेरा अक्स दिखने लगता है 
जब मेरे चेहरे को तकती हैं तेरी आँखें, 

इस सूनी जिंदगी में प्यार की फुहार लाती हैं 
सहरा में बादल की तरह बरसती हैं तेरी आँखें, 

आ ! तुझे बाहों में लेकर चूम लूँ इनको 
इक उम्र से प्यार को तरसती हैं तेरी आँखें 

शराबी की तरह पीकर बहक जाता है 'इमरान'
किसी पैमाने की तरह छलकती हैं तेरी आँखें,


सितंबर 09, 2013

बचपन



जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे……

जब माँ के आँचल में छुप जाता था
जब न किसी गम से मेरा नाता था,

जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे……

जब आगे निकल जाने की होड़ न थी 
जब दुनिया की ये पागल दौड़ न थी,

जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे……

जब पल में रूठना और पल में मनाना था 
जब दोस्ती का खुबसूरत वो ज़माना था, 

जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे………

जब मोहल्ले से आती शिकायतें थी 
जब हुआ करती मासूम शरारतें थी, 

जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे……

जब तोड़ते पेड़ों से बेर, अमरुद और आम थे 
जब रखते एक दूसरे के कैसे-कैसे नाम थे, 

जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे……

जब धूप, बारिश, आँधी सब झेला करते थे 
जब सुबह से शाम तक बस खेला करते थे, 

जिंदगी का वो हसीं दौर लौटा दे 
ए ! वक़्त मुझे मेरा बचपन लौटा दे……

अगस्त 05, 2013

करम


बहुत सख्त हो कर भी टूट जाता है दरख़्त 
बचता है वही जो अन्दर से कुछ नरम हो, 

कोई किसी का दुश्मन न रहे जहाँ में  
काश के दुनिया में एक ऐसा धरम हो, 

मिलेगी तुझे भी पाक सुराही से शराब 
शर्त है ये मगर की प्यास तेरी चरम हो,

बच जाता है वो शख्स गुनाहों से अक्सर 
बाकी जिसके अन्दर थोड़ी सी शरम हो,

अपनी तलाश निकालती है गौतम*को बाहर 
दुनिया की ऐश से भरा चाहें उसका हरम हो, 

सवालिया निशान लगते हैं तेरे वजूद पर भी 
दिखा अपना जलवा दूर दुनिया का भरम हो, 

मंजिल खुद तुम्हें ढूँढ लेगी एक रोज़  'इमरान' 
तेरे मौला का बस एक तुझ पर जो करम हो, 

----------------------------------------------------------
*गौतम* - यहाँ आशय गौतम बुद्ध से है । 

जून 17, 2013

तू ही तो है माँ....

प्रिय साथियों,

कुछ दिनों की निजी मसरूफियत के चलते नेट-जगत से दूरी सी बनती जा रही है इसके लिए आप सबसे माफ़ी का तलबगार हूँ........उम्मीद है आप सब अल्लाह के फज़ल से अच्छे होंगे और दुआ है कि आगे भी अच्छे रहे।

आज मेरी तरफ से ये ग़ज़ल दुनिया कि तमाम "माँ" के नाम.....वो माँ जो हमे सब कुछ देती है बिना कुछ माँगे जिसका क़र्ज़ कभी नहीं उतारा जा सकता......पाक किताब कहती है उसके क़दमों के नीचे ही जन्नत है उसकी जितनी भी सेवा कि जा सके कम है..............इस उम्मीद में कि आप सबको पसंद आये......पेशे खिदमत है "तू ही तो है माँ"


जब मैं रोता था रातों को अक्सर उठकर 
तब मुझे बहलाने वाली तू ही तो है माँ,

मचल-मचल उठता था जब मैं किसी चीज़ को 
मेरी हर जिद पूरी करने वाली तू ही तो है माँ,

कहाँ था ज्ञान किसी भी बात का मुझको यहाँ 
मुझे दुनिया को दिखाने वाली तू ही तो है माँ,

चलते-चलते ही गिर जाया करता था जब मैं 
तब भी मुझे सँभालने वाली तू ही तो है माँ,

नहीं आने देती है मुझ तक दर्द की धूप को 
अपने आँचल में छुपाने वाली तू ही तो है माँ,

भर आता दिल जब भी दुनिया के दर्द से 
मेरे अश्कों को पोछने वाली तू ही तो है माँ,

इस ज़ालिम ज़माने में नहीं यकीं किसी पर 
मेरे लिए तो मेरा भरोसा बस तू ही तो है माँ,

घिर जाता हूँ जब मैं नाकामी के गहरे कुएँ में 
तब मुझे रौशनी दिखाने वाली तू ही तो है माँ,

नहीं जाता हूँ मैं उसे को ढूँढने किसी तीर्थ में 
मेरे लिए तो मेरी जन्नत बस तू ही तो है माँ,

नहीं चुका पायेगा क़र्ज़ तेरा कभी ये 'इमरान'
इसे जिंदगी बख्शने वाली बस तू ही तो है माँ,

मई 28, 2013

दरख़्त की छाँव


किसी दरख़्त की छाँव तुम्हें रोक लेगी कुछ देर को 
धूप के सफ़र में मगर कदम तुम्हे बढ़ाना ही पड़ेगा,

कब तक भागते फिरोगे आखिर उस ख़ुदा से तुम 
एक रोज़ सजदे में सर तुमको झुकाना ही पड़ेगा,

कभी ऐसे भी दिन दिखलायेगा तुम्हें ये ज़माना 
आग लगी होगी दिल में और मुस्कुराना ही पड़ेगा,

कौन रख पाया है इस जग में एक साथ सबको राज़ी  
यहाँ एक की ख़ुशी के लिए दूसरे को रुलाना ही पड़ेगा,

नहीं चलता है यहाँ साथ कोई भी उमर भर 'इमरान'  
ये जिंदगी का बोझ है इसे तो तुम्हें उठाना ही पड़ेगा,


फ़रवरी 20, 2013

अब के बहार



अब के बहार चुनर मोरी रंग दे......

तूने बख्शी तो दी मुझको ये कोरी 
मौला ! हो गई चुनर मोरी मैली, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे...... 

दिखते रहे मुझे हर तरफ सब्ज़बाग़ 
साथ लगते रहे मोरी चुनरी में दाग, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे...... 

हो मोरी चुनर में रंग हरा, पीला और लाल 
कितना बेचैन हूँ मैं, तू ही जाने मेरा हाल, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे.......

रंगरेज़ मेरे ऐसे रंगियो कि रंग नहीं छूटे 
तुझसे लगी अब मेरी ये लौ नहीं छूटे, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे.......

कर मुझ पर मेरे रंगरेज़ इतना सा अहसान 
तेरा था, तेरा है और तेरा रहेगा ये 'इमरान'

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे.......

जनवरी 23, 2013

सफ़र



जितना पास गया मैं उतनी ही दूरी बढ़ती रही 
जिंदगी सिवाय सफ़र के और कुछ भी नहीं,

न रखना कभी किसी से कुछ पाने की उम्मीद 
लेना जानते हैं लोग यहाँ, देने को कुछ भी नहीं, 

उमर बिता दी जिसने जीतने में दुनिया सारी
क्या लेकर गया सिकंदर यहाँ से कुछ भी नहीं,

मैं कैसे दावा कर दूँ मसीहाई का ए ! दोस्त  
खुद मेरे दामन में दर्द के सिवा कुछ भी नहीं, 

ले अपने आगोश में कर मुझको फ़ना मेरे ख़ुदा 
बाकी बचे मेरा अब मुझमे निशां कुछ भी नहीं,

क्यूँ किसी हुस्न-ए-बुतां में ढूँढते हो तुम उसे 'इमरान'
हर ज़र्रे में नुमाया है वो उसके सिवा और कुछ भी नहीं,


दिसंबर 01, 2012

शमां


प्रिय साथियों......इम्तिहानों का दौर है और पास भी होना है तो वक़्त की दरकार है की कुछ दिनों मेहनत का दामन थाम लिया जाए........इन्ही वजुहात  से कुछ दिनों तक आप सबसे दूर रहूँगा..........इंशाल्लाह 10 दिनों बाद मुलाक़ात होगी........आप सब अपना ख्याल रखें........खुश रहें.........खुदा हाफिज। 

पेश है ये ताज़ा ग़ज़ल....नोश फरमाएं और अपनी बेबाक राय ज़रूर ज़ाहिर करें.........


परवाने तो मिट कर पा गए इश्क़ कि मंज़िल मगर 
अपनी ही आग में खुद को जलाती रही शमां रात भर,

अश्क़ भरी आँखों से दीवारों को तकता रहा मैं 
और मेरे दामन को जलाती रही शमां रात भर,

हर बार चाहा कि उतार कर फेंक दूँ जिस्म से मगर 
लिबास तेरी यादों का जलाती रही शमां रात भर,

वो ख़त लिखे थे जो तुमने कभी मुझे प्यार में 
हर्फ़-ब-हर्फ़ उनका जलाती रही शमां रात भर,

गुज़री रात ने बदल के रख दिया मुझको 'इमरान'
मेरे माज़ी के गुनाहों को जलाती रही शमां रात भर,