फ़रवरी 27, 2013

कस्तूरी


जहाँ कहीं जिस ओर भी इशारा मिला
उसी तरफ उसे ढूँढता रहा बढ़ता रहा 
कभी इससे पूछता तो कभी उससे 
कहीं कोई सुराग नहीं मिलता था 
दूसरे तो जैसे अंजान थे उससे,

ये ख़ुशबू सिर्फ उसे ही आती 
दिल-ओ-दिमाग पर छा जाती  
एक मदहोशी का आलम बनता  
कुछ देर अपने को भी भूल जाता 

जहाँ भी वो जाता उसके साथ होती 
ढूँढने पर न जाने कहाँ खो जाती
यहाँ वहाँ जाने कहाँ कहाँ ढूँढा उसे 
जिसने जो बताया वही किया उसने 

एक रोज़ थक कर बैठ गया वो 
बंद करके आँखें देखा अपने भीतर
जो उसे पागल बनाये दे रही थी 
वो खुशबू तो थी उसके अपने ही अन्दर 

अब उसने जाना वो तो सदा से थी
बस वही कभी उसे जान नहीं पाया 
वो खुशबू जो उसे एक मामूली से 
'कस्तूरी' बनाती है सदा के लिए,
------------------------------------------------------------
नोट - ये पोस्ट मैंने दोनों को ख्याल में ले कर लिखी है 'हिरन' और 'मनुष्य' जो आपको भाए आप वो मतलब लें ले । इसलिए कहीं पर भी दोनों का ही ज़िक्र नहीं किया है.......प्रयास कैसा रहा.....आपकी अमूल्य राय की प्रतीक्षा में.......


फ़रवरी 20, 2013

अब के बहार



अब के बहार चुनर मोरी रंग दे......

तूने बख्शी तो दी मुझको ये कोरी 
मौला ! हो गई चुनर मोरी मैली, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे...... 

दिखते रहे मुझे हर तरफ सब्ज़बाग़ 
साथ लगते रहे मोरी चुनरी में दाग, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे...... 

हो मोरी चुनर में रंग हरा, पीला और लाल 
कितना बेचैन हूँ मैं, तू ही जाने मेरा हाल, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे.......

रंगरेज़ मेरे ऐसे रंगियो कि रंग नहीं छूटे 
तुझसे लगी अब मेरी ये लौ नहीं छूटे, 

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे.......

कर मुझ पर मेरे रंगरेज़ इतना सा अहसान 
तेरा था, तेरा है और तेरा रहेगा ये 'इमरान'

अब के बहार चुनर मोरी रंग दे.......

फ़रवरी 04, 2013

ख़ुशी



वो सब साथ-साथ ही बढ़ रहे थे,
मेरी जिंदगी के आँगन में, 
रहम, हमदर्दी और इंसानियत 
सबसे छोटी और मासूम थी 
'ख़ुशी' नाम की छोटी सी चिड़िया  
बड़े नाज़ो से पाल रहा था मैं उसे,

इक दिन वक़्त नाम का बहेलिया 
महबूब का बहरूप भर के आया था,
धोखे के तीरों से तरकश भरा 
हुआ था उसका और उस पर 'भरोसे' का 
ज़हर भी लगा लिया था 

एक तीर निशाना लगा कर 
मासूम पर साधा था उसने 
तेज़ नेज़ा सीधे दिल में उतर गया 
बस उसी दिन वहीँ पर 
मेरी 'ख़ुशी' ने दम तोड़ दिया था,

तब से मेरी जिंदगी के आँगन में 
और सब कुछ है सिवाय "ख़ुशी" के,


जनवरी 23, 2013

सफ़र



जितना पास गया मैं उतनी ही दूरी बढ़ती रही 
जिंदगी सिवाय सफ़र के और कुछ भी नहीं,

न रखना कभी किसी से कुछ पाने की उम्मीद 
लेना जानते हैं लोग यहाँ, देने को कुछ भी नहीं, 

उमर बिता दी जिसने जीतने में दुनिया सारी
क्या लेकर गया सिकंदर यहाँ से कुछ भी नहीं,

मैं कैसे दावा कर दूँ मसीहाई का ए ! दोस्त  
खुद मेरे दामन में दर्द के सिवा कुछ भी नहीं, 

ले अपने आगोश में कर मुझको फ़ना मेरे ख़ुदा 
बाकी बचे मेरा अब मुझमे निशां कुछ भी नहीं,

क्यूँ किसी हुस्न-ए-बुतां में ढूँढते हो तुम उसे 'इमरान'
हर ज़र्रे में नुमाया है वो उसके सिवा और कुछ भी नहीं,


जनवरी 16, 2013

अँधेरा



रात नींद नहीं आ रही थी उसे
आधी रात के करीब गुज़र चुकी थी
आखिर उकता के वो खिड़की 
के पास आकर खड़ी हो गई,

गली के नुक्कड़ के पास 
वहाँ कूड़े के ढेर में
जहाँ गली के आवारा कुत्ते 
रात के सन्नाटे में 
अपने पेट कि आग मिटाने को
जगह-जगह मुँह मार रहे थे,

पुराने खम्बे कि पीली सी 
खस्ताहाल रोशनी में
एक काला सा साया 
लड़खड़ाते क़दमों से 
उस तरफ बढ़ता जा रहा था,

चारों तरफ़ एक नज़र देखकर 
अपने लबादे में से एक पुलन्दा 
सा निकल के फेंक दिया था उसने 
न जाने क्या था उसमे ?

वो 'पुलन्दा' फेंक कर जैसे 
जान छुड़ा कर भागा था साया
भागते हुए उसके लम्बे बालों के सिवा
फासले से और कुछ भी नज़र न आया,

नज़र पड़ते ही कुत्ते झपटे थे
और मिनटों में भंभोड़ डाला था,
पूरे दिन के भूखे थे जानवर
जिसके हिस्से में जो आया 
उसने उतना ही नोच लिया था,

अगली सुबह जब नुक्कड़ 
से गुज़र रही थी वो, तो देखा
लोगों का हुजूम सा लगा था
उसने भी झाँक कर देख लिया था

वहाँ इंसानी गोश्त के लोथड़े पड़े थे
एक दुधमुंही बच्ची कि नोची 
खसोटी सी लाश पड़ी हुई थी 
शायद रात का वो 'पुलिंदा'
वो मासूम सी 'बच्ची' ही थी,

कई सवाल ज़ेहन में गूँजते ही रहे 
जो रात इसे यहाँ फेंक के गई थी 
क्या वो भी एक 'माँ' थी?
क्या वो भी एक 'औरत' ही थी? 
ये बच्ची उसके पापों का बोझ था 
या उसकी मजबूरियों की गठरी,

आखिर क्यों एक औरत ही दूसरी औरत 
के खिलाफ कदम उठा लेती है,
वक़्त को बदलने के लिए 
चाहें कितनी ही मुश्किलें क्यूँ न हों,
एक औरत को दूसरी औरत के 
साथ खड़ा होना ही पड़ेगा,